छत्तीसगढ़

पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और सुपारी लेकर हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास

कोरबा। पति की हत्या की साजिश रचने और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने के मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायालय कटघोरा ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। न्यायालय ने अपनी ही पति की हत्या करवाने वाली पत्नी और हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय ने 5 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया

अभियोजन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपका थाना क्षेत्र में क्रमांक 201/2023 के तहत दर्ज इस मामले में आरोपी धनश्वरी रात्रे, पति स्वर्गीय जगजीवन रात्रे (23 वर्ष) और तुफान सोनी उर्फ गोपी (21 वर्ष) को भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 302, 201 एवं 449 के तहत दोषी पाया गया।

अभियोजन के मुताबिक, पूछताछ के दौरान धनश्वरी रात्रे ने बताया कि वह अपने पति से परेशान थी और उसकी हत्या करवाना चाहती थी। इसके लिए उसने तुफान सोनी उर्फ गोपी से संपर्क कर पति की हत्या करने के लिए कहा तथा इसके बदले 50 हजार रुपये और सोने की एक अंगूठी देने का लालच दिया।

आरोप के अनुसार, 24 मई 2023 की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच तुफान सोनी ने जगजीवन रात्रे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने का प्रयास भी किया गया। मामले में पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश किया था।

प्रकरण की विवेचना दीपका TI निरीक्षक अभिनाश सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने पैरवी करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य और गवाह न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। अभियोजन के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य साक्षियों के बयानों तथा प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।

अभियोजन पक्ष ने इस मामले में विवेचना अधिकारी और गवाहों की महत्वपूर्ण भूमिका को फैसले का आधार बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button