छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में दर्दनाक हादसा: मुंह में लहसुन पटाखा फटने से 2 साल के मासूम की मौत

अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दिवाली के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। सीतापुर थाना क्षेत्र में लहसुन पटाखा (पॉप-पॉप) मुंह में चबाने के दौरान फट गया, जिससे बच्चे के मसूड़े गंभीर रूप से जख्मी हो गए। लगातार खून बहने के कारण बच्चे की हालत बिगड़ती चली गई। उसे उपचार के लिए अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बनेया निवासी इंद्रजीत माझी ने दिवाली के लिए घर में पटाखे खरीदे थे। इनमें बच्चों के खेलने के लिए लहसुन के आकार वाला पॉप-पॉप पटाखा भी शामिल था। इसी दौरान उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य पटाखों के पैकेट से खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने एक पटाखा मुंह में डालकर चबा लिया।

बताया जा रहा है कि पटाखे के अंदर मौजूद बारूदी पदार्थ आपस में टकराने से मुंह में ही विस्फोट हो गया। इससे बच्चे के मसूड़ों में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। घबराए परिजन तत्काल उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद वे बच्चे को घर ले आए, लेकिन रक्तस्राव बंद नहीं हुआ।

मिशन अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन मासूम को मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, मुंह से लगातार रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

बेटे की मौत के बाद पिता अस्पताल में उसका शव गोद में लेकर बिलखता रहा। डॉक्टरों के अनुसार, पटाखा मुंह में फटने से बच्चे के मसूड़ों में गंभीर चोटें आई थीं। लगातार रक्तस्राव के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों की पहुंच से पटाखों को दूर रखने और दिवाली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button