20.02 लाख का क्लेम, सिविल सर्जन के फर्जी दस्तखत से 20.1 लाख पास दिखाया, पेमेंट से पहले गड़बड़ी पकड़ी

आरक्षक ने पिता के इलाज के लिए लगाया था बिल
दुर्ग – दुर्ग में मेडिकल बिल प्रतिपूर्ति के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। प्रथम वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक आरक्षक ने पिता के इलाज के लिए 20 लाख 2 हजार 489 रुपए का बिल जमा किया था, लेकिन स्वीकृति के दस्तावेज में इसे बढ़ाकर 20 लाख 10 हजार 609 रुपए (मूल बिल से 8,120 रुपए अधिक) दर्शा दिया गया। इस पर सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज के हस्ताक्षर भी हैं, जिन्हें उन्होंने सिरे से फर्जी बताया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि सिविल सर्जन कार्यालय के रिकॉर्ड में इस बिल के जमा होने या स्वीकृत होने की कोई एंट्री ही नहीं है। फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ, जब आरक्षक ने भुगतान के लिए बिल दोबारा सेनानी कार्यालय में जमा किया। सहायक सेनानी संतोष झारिया को दस्तावेज में गड़बड़ी की आशंका हुई। उन्होंने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर बिल जमा होने, उसकी जांच और स्वीकृति की तारीख सहित संबंधित दस्तावेजों की जानकारी मांगी। इसके बाद कार्यालय के रिकॉर्ड खंगाले गए तो आवक-जावक रजिस्टर में बिल की कोई एंट्री नहीं मिली। दस्तावेज पर सिविल सर्जन के हस्ताक्षर भी फर्जी पाए गए।
सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने भास्कर से बातचीत में स्पष्ट किया कि बिल पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं। मेडिकल बिल प्रतिपूर्ति पटल की प्रभारी फार्मासिस्ट सरिता सेलकर ने भी बताया कि उनके रजिस्टर में 20 लाख 2 हजार 489 रुपए का कोई बिल दर्ज नहीं है।



