छत्तीसगढ़

बाल दिवस पर बाल मजदूरी कराया, ड्यूटी कागज में-काम बच्चों से

मजदूरों की तरह बालक-बालिकाओं से किताबें उठवाए

बीआरसी भवन में व्यवस्था के लिए 7 कर्मचारियों की ड्यूटी, फिर बच्चों से किताबों के बंडल उठवाकर कमरा खाली कराने का आरोप

कोरबा। बाल दिवस यानी बच्चों के चाचा पंडित जवाहर लाल नेहरू जी के जन्मदिन पर स्कूलों में बच्चों के लिए उत्साह और खुशियों का माहौल रहता है, लेकिन कोरबा के खरमोरा से सामने आया एक वीडियो इस दिन की तस्वीर ही बदलता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे किताबों के बंडल उठाकर एक कमरे को खाली करते दिखाई दे रहे हैं। सवाल यह है कि बच्चों को पढ़ाई और बाल दिवस की खुशियों के बजाय किताबों के बंडल उठाने के काम में क्यों लगाया गया?

मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसी दिन की व्यवस्था के लिए शिक्षा विभाग ने बाकायदा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोरबा के 2 नवंबर 2026 के आदेश में 14 नवंबर को बीआरसी भवन, शहरी खरमोरा में होने वाले प्रशिक्षण के लिए व्यवस्था, कार्य में सहयोग और आवश्यक तैयारी के लिए सात कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

यह प्रशिक्षण 14 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बीआरसी भवन शहरी खरमोरा में आयोजित किया गया।
आदेश के अनुसार राकेश बैक (शासकीय शाला दादरखुर्द), किरण राज (कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोरबा), सत्येन्द्र भार्गव (शासकीय शाला परसाभांठा), गिरीश बंजारे (शासकीय शाला भदरापारा), योगेश खाण्डे (बीआरसी ग्रामीण कोरबा), मोटू राम कोरवा (कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोरबा) और मुन्ना लाल साहू (बीआरसी शहरी कोरबा) की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी को निर्धारित स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद सामने आए वीडियो में ये लोग कहीं नजर नहीं आ रहे और बच्चों से किताबों के बंडल उठवाकर कमरा खाली कराया जाता दिखाई दे रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि व्यवस्था और आवश्यक तैयारी के लिए जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, उनसे काम लेने के बजाय बच्चों से यह काम क्यों कराया गया?

बाल दिवस पर बच्चों से मजदूरी जैसा काम?

बाल दिवस बच्चों के सम्मान और अधिकारों की बात करने का दिन है। इसी दिन यदि स्कूल में बच्चों से किताबों के भारी बंडल उठवाने का वीडियो सामने आता है तो शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

यदि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की पुष्टि होती है तो यह भी जांच का विषय है कि बच्चों को यह काम किसके कहने पर कराया गया और मौके पर मौजूद जिम्मेदारों ने इसे क्यों नहीं रोका?

ड्यूटी कागज पर या बच्चों के कंधों पर?

एक तरफ विभाग का आदेश कहता है कि प्रशिक्षण की व्यवस्था, कार्य में सहयोग और आवश्यक तैयारी के लिए कर्मचारी मौजूद रहें। दूसरी तरफ उसी व्यवस्था के बीच बच्चों के कंधों पर किताबों के बंडल दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल केवल बच्चों से काम कराने का नहीं, बल्कि ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था का भी है।

अब शिक्षा विभाग को बताना होगा कि जब काम के लिए कर्मचारी तैनात थे तो बच्चों से यह काम कराने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या जिम्मेदारी निभाने के लिए कर्मचारी नहीं थे या फिर बच्चों से काम कराना ही आसान समझा गया?

वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों से जवाब की जरूरत है। खासकर यह स्पष्ट होना चाहिए कि बाल दिवस के दिन बच्चों को पढ़ाई और उत्सव के बजाय इस तरह के काम में लगाने की नौबत आखिर क्यों आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button