धान मिंजाई के दौरान किसान के साथ दर्दनाक हादसा, मशीन में फंसा दाहिना हाथ… काटना पड़ा पंजा

कांकेर– छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धान की मिंजाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिंजाई मशीन की चपेट में आने से किसान नरेश बड़ाई का दाहिना हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को ऑपरेशन के दौरान उनका दाहिना पंजा काटना पड़ा। हादसे के बाद किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
धान मिंजाई करते समय मशीन में फंसा हाथ
जानकारी के मुताबिक, श्याम नगर निवासी किसान नरेश बड़ाई धान की मिंजाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका दाहिना हाथ मशीन के अंदर चला गया। मशीन की चपेट में आने से हाथ का पंजा करीब 99 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पखांजूर अस्पताल से धमतरी किया गया रेफर
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को पखांजूर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें धमतरी रेफर कर दिया।
ऑपरेशन कर काटना पड़ा दाहिना पंजा
धमतरी में उपचार के दौरान किसान के दाहिने हाथ की हालत बेहद गंभीर पाई गई। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनका पंजा काटकर अलग कर दिया। धान की मिंजाई के दौरान हुए इस हादसे ने किसान और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।



