रायपुर रेलवे स्टेशन पर दो साल की बच्ची की मौत का खुलासा, सौतेला पिता हत्या के आरोप में हिरासत में

रायपुर– राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रेलवे जीआरपी के अनुसार, बच्ची की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि जमीन पर पटकने से आई गंभीर चोटों के कारण हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। पुलिस ने बच्ची के 23 वर्षीय सौतेले पिता आकाश देवर को हिरासत में लिया है।
19 नवंबर को मेकाहारा अस्पताल में हुई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची की मौत हो गई। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत माना जा रहा था। उस समय परिजनों ने भी किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया था।
परिजनों की मांग पर कराया गया पोस्टमार्टम
बच्ची की मौत के बाद उसकी मां और अन्य परिजनों को घटना को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों की ओर से अस्पताल में लिखित आवेदन दिए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों को बच्ची के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले। इसके बाद सामान्य मौत की आशंका समाप्त हुई और मामले में हत्या का संदेह गहरा गया।
सौतेले पिता की भूमिका संदिग्ध, हिरासत में आरोपी
जांच के दौरान बच्ची के सौतेले पिता आकाश देवर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि उसने बच्ची को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। आरोपी दुर्ग जिले के कुम्हारी का निवासी बताया गया है। जीआरपी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या की धाराओं में एफआईआर, जांच जारी
रेलवे जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। रेलवे डीएसपी एसएन अख्तर के मुताबिक, पोस्टमार्टम में बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं और उसे जमीन पर पटकने से मौत होने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुष्कर्म की पुष्टि अब तक नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।