रायपुर की फैक्ट्रियों में तीन मजदूरों की मौत के मामलों में FIR, सुरक्षा में लापरवाही पर प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज

रायपुर– राजधानी रायपुर के सिलतरा और उरला औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियों में हुए हादसों में तीन कर्मचारियों की मौत के मामलों में पुलिस ने जांच के बाद अपराध दर्ज किया है। दिवाली के आसपास अलग-अलग कंपनियों में हुए इन हादसों में मजदूरों की जान गई थी। पुलिस जांच में सुरक्षा उपकरणों के बिना जोखिम भरे काम कराए जाने और प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित संस्थानों के अधिभोगियों और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
मां कुदरगढ़ी स्टील कंपनी में कन्वेयर बेल्ट में फंसा मजदूर का हाथ
उरला पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को मां कुदरगढ़ी स्टील कंपनी में काम के दौरान साखूराम नवरतन (54) का हाथ कन्वेयर बेल्ट में फंस गया था। बताया गया कि वह सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कर रहा था। हादसे में उसका हाथ बुरी तरह कुचल गया और सीने में भी गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में प्रबंधन की ओर से लापरवाही बरते जाने की बात सामने आने पर उरला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 289 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गर्म लोहे की प्लेट से टकराकर फीटर की मौत
सिलतरा के ग्राम मुरेठी स्थित हिंदुस्तान धातु कंपनी के रोलिंग मिल में 2 और 3 नवंबर की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे हादसा हुआ। यहां फीटर का काम करने वाले जितेंद्र सिंह पाल (31), निवासी वार्ड नंबर 1 वीर सावरकर नगर, जनता कॉलोनी कबीर नगर की गर्म लोहे की प्लेट से टकराने के कारण मौत हो गई।
हादसे के बाद उन्हें बीरगांव स्थित एनकेडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के समय मौजूद कर्मचारियों मुन्ना ठाकुर, गजेंद्र सिन्हा और धनेश वर्मा के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि कारखाना अधिभोगी द्वारा सुरक्षा उपकरणों के बिना जोखिम भरा काम कराया जा रहा था। इसके बाद सिलतरा पुलिस ने 21 नवंबर को संस्थान के अधिभोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
एसकेएस कंपनी में गर्म डस्ट गिरने से झुलसा कर्मचारी
सिलतरा स्थित एसकेएस कंपनी में भी काम के दौरान हादसे में एक कर्मचारी की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को जामवंत वर्मा (23), निवासी बस्तीपारा सिलतरा, मशीनरी कीलन भट्ठी में काम कर रहा था। इसी दौरान दोपहर 3 से 4 बजे के बीच उसके ऊपर गर्म डस्ट गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। उसे उपचार के लिए कालड़ा बर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 नवंबर की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में भी सिलतरा पुलिस ने 21 नवंबर को कंपनी के अधिभोगी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
औद्योगिक सुरक्षा में लापरवाही की पुलिस कर रही जांच
तीनों हादसों में मजदूरों की मौत के बाद पुलिस ने संबंधित कंपनियों में सुरक्षा व्यवस्था और कामकाज के दौरान बरती गई सावधानियों की जांच की। जांच के आधार पर उरला और सिलतरा पुलिस ने संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। पुलिस की विवेचना जारी है और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराए जाने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



