छत्तीसगढ़

ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैला गांजा तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, 70 लाख का माल जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ की बालोद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में इसकी बिक्री करता था। कार्रवाई के दौरान कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

गांजा बेचने वाले से शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार, सनौद थाना पुलिस ने 21 नवंबर को ग्राम अरकार में कार्रवाई करते हुए भीषम सतनामी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से दो पैकेट और पुड़िया में रखा 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गांजा उसने कामता प्रसाद कोसरे से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने कामता को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसी दौरान तस्करी नेटवर्क की कड़ियां सामने आने लगीं।

पूछताछ में दो सगे भाइयों के नाम आए सामने

पुलिस के अनुसार, कामता प्रसाद कोसरे ने पूछताछ में बताया कि वह ग्राम खप्परवाड़ा निवासी सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल से गांजा खरीदता था। दोनों भाई करीब एक साल से उसके गांव में गांजा बेचने आते थे। कामता उनसे गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री के 3 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखा था गांजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद खप्परवाड़ा में घेराबंदी कर ओमप्रकाश और कुलेश्वर पटेल के घर दबिश दी गई। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर लाने और घर में छिपाकर रखने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से दोनों ने यह अवैध कारोबार शुरू किया था और एक बार में करीब 10 से 20 किलोग्राम गांजा लेकर आते थे।

आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2023 में खेती छोड़कर उन्होंने पिकअप वाहन खरीदा था। वाहन को किराये पर चलाने के लिए वे कोलकाता और बनारस जाते थे। नुकसान होने और वाहन की किश्तें नहीं चुका पाने के बाद उन्होंने पिकअप भिलाई फल मंडी में किराये पर लगा दिया। इसके बाद फल-सब्जियां लाने के सिलसिले में उनका ओडिशा जाना शुरू हुआ।

घर से 134 पैकेट गांजा बरामद

पुलिस ने दोनों भाइयों के घर की तलाशी ली तो लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे 134 पैकेट बरामद हुए। इनमें 136.56 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 68.27 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की पूरी कार्रवाई में 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 29 भी जोड़ी गई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामले में ओडिशा से गांजा लाने और छत्तीसगढ़ में इसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button