Uncategorized

खुदाई का सोना बताकर बेचते थे पीतल, अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में खुदाई में मिला पुराना सोना बताकर लोगों को लाखों रुपये की चपत लगाने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शंभू राय समेत दो महिला आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरोह ने रायपुर के तीन लोगों से कुल 22.50 लाख रुपये की ठगी की थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए असली सोने का छोटा सैंपल दिखाते थे। जांच में सैंपल असली निकलने के बाद वे पीतल से बने भारी हार को प्राचीन सोना बताकर लाखों रुपये में बेच देते थे।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

तीन मामलों में 22.5 लाख की ठगी


जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर के तीन अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बनाया। न्यू राजेंद्र नगर में 2.50 लाख, तेलीबांधा में 10 लाख और डी.डी. नगर में 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। तीनों मामलों में एक जैसी कार्यप्रणाली अपनाई गई, जिससे पुलिस को संगठित गिरोह होने का सुराग मिला।

मुंबई से गिरफ्तारी


तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबरों की ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम मुंबई पहुंची और मुख्य आरोपी शंभू राय, गीता गुजराती और शांति गुजराती को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इसी तरह की एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी की है।

दिल्ली से मंगवाते थे पीतल के हार


पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पीतल के आभूषण दिल्ली के करोल बाग से खरीदता था। आरोपी घूम-घूमकर स्टोन (राशि पत्थर) बेचने के बहाने लोगों से संपर्क करते और आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को निशाना बनाते थे।

12 लाख का सामान जब्त


आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 9 लाख रुपये नकद, 12 चांदी के सिक्के, पीतल के कई आभूषण, वारदात में इस्तेमाल 4 मोबाइल फोन और मुख्य आरोपी के 4 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

अन्य राज्यों से होगा समन्वय


पुलिस अब अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क कर गिरोह के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button