भाटापारा में ज्वेलर्स से 12 लाख की लूट का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

कोरबा। भाटापारा पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक से करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लूटने के मामले में फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर आरोपी कौशलेश त्रिपाठी को कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 61 हजार 950 रुपए नकद और पैन कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट कर मोबाइल फोन व एक्टिवा की चाबी छीन ली। इसके बाद उनके बैग में रखी करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए थी, लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशलेश त्रिपाठी फरार चल रहा था।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में गुजरात के जामनगर में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, लूट, डकैती और चोरी सहित 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात के दौरान घातक हथियारों का इस्तेमाल करने से भी नहीं चूकता था।
इस गिरफ्तारी के साथ ही लूट के मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।



