छत्तीसगढ़

कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के यहां EOW की दबिश ! कोरबा के बड़े घोटाले से तार जुड़ने के संकेत, वजह जानने पढ़ें पूरी ख़बर…

कटघोरा / कोरबा – छत्तीसगढ़ में अपने घोटालो को लेकर सुर्खियों में रह चुका कोरबा एक बार फिर चर्चा में है। DMF घोटाले से जुड़े मामलों की जारी जांच के बीच कटघोरा से बड़ी खबर सामने आ रही है। कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के यहां आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। टीम ने वार्ड 8 में मोहलाइन भांठा में स्थित उनके निवास पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि जांच टीम मौके पर मौजूद है और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। एक अन्य ठिकाने पर भी छापेमारी किए जाने की सूचना है।

DMF घोटाले से जुड़े तारों की जांच की चर्चा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई को DMF (जिला खनिज न्यास) से जुड़े कथित घोटाले की जांच के संभावित एंगल से जोड़कर देखा जा रहा है। यह घोटाला पिछले कांग्रेस सरकार के समय का बताया गया है, जब रानू साहू कोरबा कलेक्टर थी, घोटाला करीब 2 हजार करोड़ से अधिक का है जिसमें अब तक रानू साहू, माया वारियर समेत कई व्यापारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उस समय राज जायसवाल कटघोरा विधायक के प्रतिनिधि थे और लगातार कलेक्टर कार्यालय में उनकी आवाजाही काफी चर्चा में रहा करती थी। हालांकि, राज जायसवाल के यहां कार्रवाई का सटीक कारण, जांच का दायरा और DMF मामले से उनके संबंधों को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

मौके पर मौजूद टीम, दस्तावेजों की पड़ताल

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जांच टीम मौके पर मौजूद रहकर दस्तावेज खंगाल रही है। एक अन्य नगर सैनिक के ठिकाने पर भी कार्रवाई की सूचना है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छापेमारी के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है।

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

EOW की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान और विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कार्रवाई को लेकर कटघोरा में चर्चा तेज है। इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच एजेंसी के आधिकारिक पक्ष और पुष्ट तथ्यों का इंतजार जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button