छत्तीसगढ़

चांपा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार: पीछे से पकड़कर जमीन पर गिराया, सिर पर किए चाकू से कई वार; हथियार और बाइक जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरदा में गली के विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को करीब 11 बजे ग्राम कुरदा निवासी महेन्द्र पटेल के साथ आरोपियों का विवाद हुआ। इसी दौरान जितेन्द्र पटेल और विजेन्द्र पटेल ने महेन्द्र को पीछे से पकड़ लिया और जमीन पर गिरा दिया। वहीं सुरेन्द्र पटेल चाकू लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसके बाद सुरेन्द्र ने जान से मारने की नीयत से महेन्द्र के सिर के पीछे चाकू से लगातार तीन-चार वार किए। हमले में महेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से काफी खून निकलने लगा।

घटना के दौरान परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को आरोपियों से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों द्वारा हाथ-मुक्का और चाकू से मारपीट जारी रखने की बात पुलिस ने बताई है। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

घटना की सूचना डायल-112 और चांपा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डायल-112 की सहायता से घायल महेन्द्र पटेल को उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसके बाद पुलिस ने सुरेन्द्र पटेल (19), जितेन्द्र पटेल (23) और विजेन्द्र पटेल (22), सभी निवासी ग्राम कुरदा, वार्ड नंबर 12, थाना चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button