जन्मदिन मनाकर दोस्तों संग ढाबे निकला युवक, पुलिया से टकराई कार, ठेकेदार समेत 3 की मौत

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में जन्मदिन की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने निकले पांच युवकों की कार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। सोमनी थाना क्षेत्र के टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। हादसे में कार सवार ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
जन्मदिन के बाद दोस्तों के साथ निकला था युवक
पुलिस के मुताबिक दुर्ग निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर इलेक्ट्रिकल और सिविल गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। 3 अक्टूबर को उसका जन्मदिन था। दिन में उसने परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद देर रात वह दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए कार से राजनांदगांव की ओर निकला। कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी भिलाई से राजनांदगांव की तरफ जा रहे थे। टेडेसरा बस्ती के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और पुलिया से जा टकराई।
हादसे में तीन युवकों की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर (30) और तोषण तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास (27) को मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
ढाबे में खाना नहीं मिला, दूसरे ढाबे की ओर निकले
परिजनों के मुताबिक पांचों दोस्त पहले एक ढाबे पर पहुंचे थे, लेकिन वहां खाना नहीं मिला। इसके बाद वे दूसरे ढाबे की ओर जाने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई थी। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के सामने यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
दो छोटी बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
अभिषेक सिंह ठाकुर के परिवार पर हादसे के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी दो छोटी बेटियां हैं। जिस पिता ने हादसे से कुछ घंटे पहले ही परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया था, उसी रात सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। एक ओर परिवार में जन्मदिन की खुशियां थीं, वहीं कुछ ही घंटों बाद घर में मातम पसर गया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की है।



