छत्तीसगढ़

जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, अरपा नदी किनारे टेंट लगाकर जुआ खेल रहे 4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में संगठित रूप से जुआ संचालित करने वालों के खिलाफ चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15,730 रुपये नगद समेत कुल 95,730 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे को 18 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर जुआ खेला और खिलाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। पुलिसकर्मी ग्रामीण वेशभूषा में मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर रेड की कार्रवाई की। इस दौरान कई जुआरी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले, जबकि चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलेश साहू (25), संदीप भारद्वाज (26) और साहिल घोषले (19), तीनों निवासी ग्राम पिरैया थाना चकरभाठा, तथा चंद्रप्रकाश भार्गव (42), निवासी दुर्गडीह थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 15,730 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक की बोरी फट्टी, पीले रंग की एक तिरपाल, होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 6140, तीन वीवो कंपनी के मोबाइल और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत 95,730 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अन्य फरार आरोपियों के साथ मिलकर जगह बदल-बदलकर संगठित रूप से जुआ खेलते और खिलाते थे। मामले में संगठित रूप से जुआ संचालित किए जाने के कारण पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के साथ बीएनएस की धारा 112 जोड़ी है।

चकरभाठा पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और जुआ गतिविधि से जुड़े लोगों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल 112, पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाने को सूचना दें और पुलिस कार्रवाई में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button