Uncategorized

बिना प्रस्ताव जेसीबी से तोड़ा गया पटवारी कार्यालय? फरसवानी पहुंची जांच टीम, फर्जी प्रस्ताव और नियमों की अनदेखी के आरोपों ने बढ़ाई सरपंच की मुश्किलें

करतला/कोरबा। विकासखंड करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत फरसवानी में पटवारी कार्यालय को कथित रूप से बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए जर्जर घोषित कर जेसीबी से ध्वस्त किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिकायत के आधार पर जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेश पर मंगलवार को दो सदस्यीय जांच दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच दल में करारोपण अधिकारी दादू सिंह पैकरा एवं इंजीनियर संतोष नायक शामिल थे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं तथा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पटवारी कार्यालय को बिना ग्राम पंचायत के वैध प्रस्ताव के तोड़ दिया गया। उनका कहना है कि कार्रवाई पर सवाल उठने के बाद बचाव के उद्देश्य से बाद में फर्जी प्रस्ताव तैयार किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भवन को ध्वस्त करने से पहले न तो उसका आयु प्रमाण पत्र तैयार कराया गया और न ही किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति ली गई। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर भवन को जर्जर घोषित करने का अधिकार किसके पास था और किस आधार पर उसे तोड़ने का निर्णय लिया गया।

वहीं, सरपंच ज्योति कुमारी का कहना है कि उक्त भवन को अटल डिजिटल केंद्र निर्माण के लिए हटाया गया है। हालांकि शिकायतकर्ताओं का दावा है कि अटल डिजिटल केंद्र की स्वीकृति के समय ग्राम पंचायत द्वारा दूसरे स्थान का प्रस्ताव पारित किया गया था। ऐसे में यह भी सवाल खड़ा हो गया है कि यदि केंद्र के लिए अलग स्थान स्वीकृत था तो बिना सक्षम अनुमति के पटवारी कार्यालय को ध्वस्त करना कितना न्यायसंगत था।

अब पूरे मामले में जनपद पंचायत की जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। जांच प्रतिवेदन सौंपे जाने के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button