छत्तीसगढ़

बिलासपुर में मेडिकल व्यवसायी से एक्सटॉर्शन,युवती ने वसूले 4-लाख:दुकान की कंप्यूटर ऑपरेटर ने बढ़ाई नजदीकियां फिर ब्लैकमेलिंग, रेप केस में फंसाने की दी धमकी

बिलासपुर – बिलासपुर में मेडिकल व्यवसायी को ब्लैकमेल कर करीब 4 लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यवसायी की दुकान में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करने वाली युवती ने पहले उससे दोस्ती की और नजदीकियां बढ़ाईं।

इसके बाद दोनों के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब 4 लाख रुपए वसूल लिए। रकम लेने के बाद भी युवती की डिमांड बंद नहीं हुई। वह अब फोन कर व्यवसायी को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर और रुपए मांग रही है। परेशान होकर व्यवसायी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

नौकरी के दौरान बढ़ी नजदीकियां

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा मेडिकल कॉम्प्लेक्स के विशाल गोयल (48) दवा व्यापारी हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि साल 2015 में तोरवा लॉयल रेसीडेंसी की सुखमति उर्फ प्रिया (35) उनके यहां काम मांगने आई थी। वह जरूरतमंद थी, इसलिए उसे अपनी दुकान में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी पर रख लिया।

शादी के बाद पति को छोड़कर आ गई युवती

दुकान में काम करने के दौरान विशाल गोयल और युवती के बीच मेलजोल काफी बढ़ गया। दोनों फोन पर भी बात करने लगे। इस दौरान युवती ने विशाल से दोस्ती कर नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद दोनों साथ में घूमने भी जाने लगे। इसी दौरान युवती ने अपने मोबाइल में दोनों की तस्वीरें खींचकर रख लीं। कुछ साल बाद युवती की शादी महाराष्ट्र में हो गई, लेकिन वह पति को छोड़कर वापस लौट आई। इसके बाद वह फिर से विशाल के संपर्क में आ गई।

संबंध रखने से मना किया तो शुरू की ब्लैकमेलिंग

आरोप है कि ससुराल छोड़कर लौटने के बाद युवती ने फिर से मेडिकल व्यवसायी को फोन करना शुरू कर दिया। जब व्यवसायी ने उससे संबंध रखने से मना किया तो युवती ने कथित तौर पर पुराने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उसने व्यवसायी को बदनाम करने की बात कहकर रुपए देने का दबाव बनाया।

पहले 2 लाख दिए, फिर किस्तों में ट्रांसफर किए रुपए

शुरुआत में बदनामी के डर से व्यवसायी ने युवती को 2 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद भी युवती की डिमांड बंद नहीं हुई। वह लगातार फोन कर और रुपए मांगती रही। परेशान होकर व्यवसायी ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन माध्यम से 2 लाख रुपए से अधिक की रकम और ट्रांसफर कर दी। इस तरह युवती पर करीब 4 लाख रुपए वसूलने का आरोप है। इसके बाद युवती ने उसे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर रुपयों की मांग करती रही।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

लगातार धमकियों और रुपए की मांग से परेशान होकर व्यवसायी ने आखिरकार सिटी कोतवाली थाने में शिकायत की। पुलिस ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच के बाद युवती के खिलाफ एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button