छत्तीसगढ़

बीजापुर में माओवादियों के 3 गुप्त ठिकानों का भंडाफोड़, 136 BGL सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर बरामद

बीजापुर, 13 नवंबर। Naxalite Dump Recovered : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के तीन गुप्त डंप का पता लगाया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने 136 BGL सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और विस्फोटक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है।

पामेड़ के जंगलों में मिला माओवादी डंप

पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इसमें DRG, K-9 डॉग स्क्वाड और 208 कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। सर्चिंग के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध ठिकानों की पहचान की गई। तलाशी लेने पर यहां छिपाकर रखे गए 103 BGL सेल समेत अन्य माओवादी सामग्री बरामद हुई।

गंगालूर में दो अलग-अलग डंप का पता चला

गंगालूर थाना क्षेत्र के FOB कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षाबलों ने अभियान चलाया। यहां CRPF की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम ने तलाशी ली। इस दौरान दो अलग-अलग डंप मिले। इनसे 33 BGL सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।

जब्त सामग्री पर वैधानिक कार्रवाई जारी

सुरक्षाबलों ने तीनों डंप से मिली सामग्री जब्त कर ली है। बरामद विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान के संबंध में पामेड़ और गंगालूर थानों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान को बीजापुर में माओवादी नेटवर्क और विस्फोटक सामग्री के गुप्त भंडारण के खिलाफ सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button