छत्तीसगढ़

मनरेगा के निर्माणाधीन कुएं के धंसने से ग्रामीण मलबे में दबा, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; रेस्क्यू जारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरमा में मनरेगा के तहत निर्माणाधीन कुएं के अचानक धंस जाने से एक ग्रामीण उसके अंदर समा गया। हादसा 1 अक्टूबर की दोपहर का बताया जा रहा है। हादसे के बाद से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद अब तक ग्रामीण का पता नहीं चल सका है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरमा में मनरेगा योजना के तहत कुएं का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी और आसपास का हिस्सा भरभराकर धंस गया। इस दौरान वहां मौजूद 55 वर्षीय सोनसाय मंझवार मलबे की चपेट में आ गए और कुएं के अंदर समा गए।

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाकर ग्रामीण को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू टीम काफी सावधानी के साथ मलबा हटाने में जुटी हुई है, ताकि दोबारा मिट्टी धंसने की स्थिति न बने।

निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों की ओर से मनरेगा के तहत निर्माणाधीन कुएं में सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

फिलहाल बचाव दल मलबा हटाकर सोनसाय मंझवार की तलाश में जुटा हुआ है। ग्रामीण भी मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button