राजनांदगांव में आत्महत्या की कॉल से मचा हड़कंप, साइबर सेल ने ट्रेस की लोकेशन और पुलिस ने बचाई जान

राजनांदगांव। Police Saved his Life: जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति की आत्महत्या की सूचना वाली कॉल ने पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय कर दिया। खास बात यह रही कि कॉल करने वाला व्यक्ति अपनी सही लोकेशन नहीं बता पा रहा था। इसके बावजूद पुलिस और साइबर सेल की तत्परता से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और समय रहते मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली गई।
खुद फोन कर कहा- आत्महत्या करने जा रहा हूं
पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने खुद चौकी में फोन कर आत्महत्या करने की बात कही। कॉल की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी ने तत्काल SP अंकिता शर्मा, एडिशनल SP कीर्तन राठौर और SDOP केसरीनंदन नायक को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम को तुरंत रवाना किया गया।
लोकेशन नहीं बता पाया तो साइबर सेल ने संभाला मोर्चा
चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश्वर ध्रुव के साथ आरक्षक गजेंद्र भारद्वाज और रमेश कतलम मौके के लिए निकले। लेकिन कॉलर अपनी सटीक लोकेशन नहीं बता पा रहा था। ऐसे में पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। टेक्निकल ट्रेसिंग के जरिए व्यक्ति की लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस टीम बिना देर किए बताए गए स्थान पर पहुंच गई।
पेड़ पर मिला व्यक्ति, पुलिस ने बातचीत कर बचाई जान
पुलिस के पहुंचने पर व्यक्ति पेड़ पर चढ़ा हुआ था और आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने स्थिति को संभालते हुए उससे धैर्यपूर्वक बातचीत की और उसे समझाया। काफी प्रयास के बाद पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
पारिवारिक विवाद के चलते था तनाव में
पूछताछ में सामने आया कि व्यक्ति पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। पुलिस ने उसे समझाइश और काउंसलिंग दी और बाद में सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के तनाव या परेशानी में आत्महत्या जैसा कदम न उठाएं। ऐसी स्थिति में परिवार, दोस्तों या पुलिस से तुरंत मदद लें। समय पर किसी से बात करना और सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।



