छत्तीसगढ़

रायगढ़ में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 395 लीटर शराब जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 16 अगस्त 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर, कुरमापाली और कलमी में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें रिमांड पर भेजा है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चार अलग-अलग स्थानों पर रेड की। पहली कार्रवाई ग्राम धनागर में की गई, जहां पुलिस को कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल द्वारा घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से प्लास्टिक डिब्बों व जरिकेन में रखी 100 लीटर महुआ शराब बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में हुई। यहां शिव रजवार के ससुर के मकान के पास दबिश देकर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपये है।

तीसरी कार्रवाई ग्राम कलमी में की गई, जहां पुलिस ने तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी को अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर बिक्री के लिए रखने के आरोप में पकड़ा। तलाशी के दौरान तरुण के कब्जे से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद के कब्जे से 90 लीटर, कुल 140 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये है।

इसी गांव में चौथी कार्रवाई के दौरान अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को पकड़ा गया। पुलिस ने अमन के कब्जे से 85 लीटर और तोषराम के कब्जे से 50 लीटर, कुल 135 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत करीब 13,500 रुपये बताई गई है।

चारों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 53,500 रुपये है। इसके अलावा शराब बनाने और रखने में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन, बाल्टी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम धनागर, शिव रजवार निवासी ग्राम कुरमापाली, तरुण सतनामी उम्र 19 वर्ष निवासी फाटक पारा ग्राम कलमी, लक्ष्मी प्रसाद सतनामी उम्र 37 वर्ष निवासी फाटक पारा ग्राम कलमी, अमन सतनामी उम्र 22 वर्ष निवासी फाटक पारा ग्राम कलमी और तोषराम जोल्हे उम्र 28 वर्ष निवासी मिट्ठुमुड़ा दुर्गा चौक थाना जूटमिल रायगढ़ शामिल हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार से अपराध को बढ़ावा मिलता है। जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक मनोज कुमार यादव, बंशी रात्रे, शैलेन्द्र पैंकरा, चूड़ामणि गुप्ता, विनोद लकड़ा, राजेश खंडे और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button