छत्तीसगढ़

रायपुर में सनसनी, किराये के मकान में मिले मां-बेटे के शव, 3-4 दिन से थे लापता

रायपुर– राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। छोटा अशोक नगर स्थित मकान में 52 वर्षीय जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख के शव बरामद हुए हैं। दोनों पिछले करीब चार साल से मकान में किराये पर रह रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। कमरे से बदबू आने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

दरवाजा अंदर से बंद, पुलिस ने तोड़कर किया प्रवेश

जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी समय तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों के शव मिले।

फर्श पर पड़ा था मां का शव, बिस्तर पर मिला बेटा

कमरे के अंदर जय जी देशमुख का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि उनके बेटे हंसमुख का शव बिस्तर पर था। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मां करती थीं ऑनलाइन टीचिंग, बेटा लंबे समय से था बीमार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे।

FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। गुढ़ियारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल मां-बेटे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button