Uncategorized

रायपुर में सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन और 89 हजार रुपये बरामद

रायपुर– राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है।

वाराणसी गया था परिवार, पीछे से घर में हुई चोरी

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2026 को परिवार सहित वाराणसी जाने के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। 20 नवंबर को वापस लौटने पर घर में चोरी का पता चला। बाहर के गेट पर ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के भीतर अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने कबूली वारदात

शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर श्याम सोना (22 वर्ष), निवासी मौलीपारा शाम बाजार, तेलीबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

छत पर सीढ़ियों के पास छिपाया था चोरी का सामान

आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सामान को उसने अपने घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नकद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। तेलीबांधा पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button