रायपुर में हैवानियत! पत्नी से विवाद के बाद पिता ने 6 महीने की मासूम को दो बार जमीन पर पटका, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची

रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में पत्नी से विवाद के दौरान एक पिता ने अपनी छह महीने की मासूम बेटी को कथित तौर पर दो बार जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची बेहोश हो गई, जिसके बाद परिजन उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर लेकर पहुंचे। बच्ची को आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने आरोपी पिता आशीष कावरिया (21) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां सरगम कावरिया ने शिकायत में बताया कि पति के साथ मायके जाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने पहले बच्ची को जमीन पर पटका। पत्नी के विरोध करने पर उसने कथित तौर पर बच्ची को दोबारा पटक दिया। घटना के बाद परिजनों की मदद से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया।
मायके जाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, सरगम कावरिया ने करीब नौ महीने पहले आशीष कावरिया से कोर्ट मैरिज की थी। 14 अक्टूबर की शाम वह अपने मायके से घर लौटी थी। रात करीब नौ बजे पति के घर पहुंचने के बाद मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देर रात विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मारपीट की और इसी दौरान अपनी छह महीने की बेटी पर हमला कर दिया।
बच्ची की हालत गंभीर, आरोपी गिरफ्तार
बच्ची के बेहोश होने के बाद मां ने रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल एम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। बच्ची की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
रायपुर में बच्चों के साथ हिंसा के मामले बढ़ा रहे चिंता
राजधानी में बच्चों के साथ कथित हिंसा की हालिया घटनाओं ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सितंबर 2026 में माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई में पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और दो बेटों की हत्या का आरोप लगा था। वहीं, अक्टूबर में पंडरी के तरुण नगर में तीन साल के बच्चे के साथ मारपीट और सिगरेट से दागने के आरोप का मामला भी सामने आया था।



