छत्तीसगढ़

रास्ता रोककर महिला कर्मी से अभद्रता और जान से मारने की धमकी, पुलिस ने 24 घंटे में 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य से जा रही महिला कर्मी का रास्ता रोककर अश्लील गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को एक महिला कर्मी शासकीय कार्य से ग्राम नेगुरडीह से खैरताल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान किरीत मोड़ के पास आरोपियों ने एक राय होकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने महिला कर्मी के साथ अश्लील गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को आते देख आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद पीड़िता की सूचना पर थाना नवागढ़ में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना नवागढ़ पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में किशन उर्फ करण बंजारे (31), संजय कुमार महिलांगे (31), मोतीलाल महिलांगे (32), गौतम प्रसाद सितारे (22) और मनोज कुमार कश्यप (35) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम नेगुरडीह, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button