सक्ती पुलिस का बड़ा खुलासा: सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 3.85 लाख का माल बरामद

सक्ती। सक्ती थाना पुलिस ने क्षेत्र के सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 100% सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर लिए हैं, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3.85 लाख आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों में चोरी का माल खरीदने वाला एक स्थानीय ज्वेलर्स संचालक भी शामिल है।
एक ही रात में दो घरों में लगाई थी सेंध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28-29 जुलाई 2026 की दरमियानी रात सक्ती थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग मकानों में चोरी की वारदात हुई थी: पहली घटना फाटकपारा (सक्ती): प्रार्थी देवराम पटेल के घर की बाउंड्रीवाल फांदकर चोरों ने आलमारी से सोने का हार, झुमका, कनोती, टॉप्स, चांदी की पायल, महत्वपूर्ण दस्तावेज और बिल सहित करीब ₹2.95 लाख के मशरूका पर हाथ साफ किया था। और दूसरी घटना सोंठी (वार्ड नं. 11): प्रार्थिया कमला बाई यादव के घर में घुसकर चोरों ने आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, दस्तावेज और दुकान में रखी सिगरेट सहित करीब ₹90,000/- का माल पार किया था।
दोनों मामलों में चोरी की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) एक समान होने पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोंठी निवासी तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने दोनों घरों में चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- बलवीर सतनामी (22 वर्ष), निवासी सोंठी, सक्ती
- फलेश साहू (26 वर्ष), निवासी सोंठी, सक्ती
- समीर डेनियल (19 वर्ष), निवासी सोंठी, सक्ती
- अमित अग्रवाल (45 वर्ष), संचालक- बी.पी. ज्वेलर्स, सक्ती (चोरी का माल खरीदने का आरोपी)
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ₹3,85,000/- मूल्य के समस्त सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य सामग्री बरामद कर जप्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(A), 3(5) एवं 317(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में रिमांड पर पेश किया गया है।



