सरकारी जमीन अपना बताकर 45.21 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

राजस्व न्यायालय में लंबित था जमीन का मामला, बिक्री का सौदा कर रकम लेने के बाद रजिस्ट्री और सीमांकन में करते रहे टालमटोल
बिलासपुर। सरकारी पट्टे की जमीन को निजी बताकर बेचने का सौदा करने और 45 लाख 21 हजार रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं कराने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में 71 वर्षीय सैय्यद शमशाद अली और 42 वर्षीय सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, जमीन का मामला राजस्व न्यायालय में लंबित होने की जानकारी के बावजूद सौदा कर रकम ली गई। दोनों को 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सरकंडा की विजयापुरम कॉलोनी निवासी दीपक सोनी ने 24 अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम धमनी में महर्षि स्कूल रोड, मंगला स्थित नीता डेयरी और गीतांजलि पार्क के पहले करीब 20 एकड़ जमीन का सौदा शमशाद अली और उनकी पत्नी कमरूनिशा के नाम पर किया गया था। इस सौदे में सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे के माध्यम से बातचीत हुई थी।
प्रार्थी के मुताबिक, जमीन खरीदने के लिए अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन, आरटीजीएस और नकद माध्यम से शमशाद अली और उनकी पत्नी को कुल 45,21,000 रुपये दिए गए। रकम लेने के बाद जमीन का सीमांकन कराकर रजिस्ट्री कराने की बात कही जाती रही, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो सीमांकन कराया गया और न ही रजिस्ट्री हुई।
इसके बाद प्रार्थी ने जमीन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन उसे लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा। संदेह होने पर उसने जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड जांचा तो पता चला कि जमीन शासकीय पट्टे की है। इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ करने पर रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं होने के कारण जमीन सरकारी दिखने की बात कही गई। पुराने राजस्व रिकॉर्ड की जांच में जमीन से संबंधित प्रकरण राजस्व न्यायालय में लंबित होने की जानकारी सामने आई।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों को जमीन की स्थिति और राजस्व न्यायालय में मामला लंबित होने की जानकारी थी। इसके बावजूद जमीन का सौदा कर रकम लेने के आरोप पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1472/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- सैय्यद शमशाद अली (71), निवासी शीतला मंदिर के पास, तालापारा, थाना सिविल लाइन।
- सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे (42), निवासी कड़ार, थाना चकरभाठा।



