हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर गुस्साए हाथी का हमला, सूंड से ट्रैक्टर को झकझोरा… बाल-बाल बची जान

कोरबा– कोरबा जिले में हाथियों को भगाने के लिए जंगल में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ग्रामीणों की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब शोर से भड़के एक हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पकड़कर उसे जोर-जोर से झकझोर दिया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान ट्रैक्टर में ग्रामीण सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए।
हाथियों के करीब पहुंचकर कर रहे थे शोर
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ ग्रामीण हाथियों के नजदीक पहुंचकर शोर मचाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर की ओर बढ़कर उसके अगले हिस्से को सूंड से पकड़ लिया। हाथी ने वाहन को इतनी जोर से झकझोरा कि उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर जागर सिंह राठिया का है।
आमा डुगरु जंगल में हुई घटना
यह घटना कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा परिसर के आमा डुगरु जंगल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को भगाने जंगल के भीतर पहुंचे थे। वे लगातार शोर मचा रहे थे और हाथियों के काफी करीब चले गए थे। इसी दौरान एक हाथी ने पलटवार कर दिया।
ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों की बाल-बाल बची जान
हाथी के अचानक हमले से ट्रैक्टर में बैठे ग्रामीणों के सामने गंभीर खतरा पैदा हो गया था। जंगल का ऊबड़-खाबड़ रास्ता और हाथी की आक्रामकता किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। यदि ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ता या कोई ग्रामीण नीचे गिर जाता, तो जानलेवा स्थिति बन सकती थी। हालांकि, इस घटना में किसी ग्रामीण के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
11 हाथियों के दल में नन्हा शावक भी शामिल
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में फिलहाल 18 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। घटना वाले क्षेत्र में 11 हाथियों का दल मौजूद है, जिसमें एक नन्हा शावक भी शामिल है। ऐसे में हाथियों के नजदीक जाकर शोर मचाना या उन्हें खुद भगाने की कोशिश करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। इस घटना में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन ग्रामीणों की जान बच गई।



