आंगनबाड़ी की छत पर मिली युवक की लाश, इलाके में फैली सनसनी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर से लगे ग्राम हरफतराई में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित एक आंगनबाड़ी भवन की छत पर एक युवक की लाश बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
दोपहर में सोने गया था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गांव के ही 24 से 25 वर्षीय युवक सोनू यादव के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी था और सुबह से ही आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास घूम रहा था। दोपहर के वक्त वह धूप या छांव देखकर आंगनबाड़ी की छत पर सोने चला गया। लेकिन जब शाम तक वह वापस नहीं उतरा और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो ग्रामीणों को शक हुआ।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना प्रभारी (टीआई) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच और पंचनामा के दौरान युवक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस का बयान
“ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विसरा रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।



