छत्तीसगढ़

हेरोइन बेचने की फिराक में घूम रहा था आरक्षक, पहुंच गया जेल

 

रायपुर । पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 1 ग्राम चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को थाना टिकरापारा एवं आजाद चौक की संयुक्त पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल एवं सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक इशु अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन (34 वर्ष), पिता चैतुराम बर्मन, निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, वर्तमान पता जनता कॉलोनी पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद किया गया।

आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है और मादक पदार्थ के स्रोत से लेकर गंतव्य तक की पूरी कड़ी खंगाली जा रही है। इस प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button