छत्तीसगढ़

रायपुर AIIMS में संदिग्ध हालात में मरीज की मौत, तीसरी मंजिल से गिरा युवक

 

रायपुर।  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित AIIMS रायपुर में एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मरीज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो अस्पताल के बी ब्लॉक के बी4 वार्ड में भर्ती था। बताया जा रहा है कि वह रक्त संबंधी बीमारी के इलाज के लिए यहां भर्ती था और उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान अचानक वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा तत्काल स्थिति को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

परिजनों और अन्य लोगों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले भी मरीजों और उनके परिजनों के सामान चोरी होने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।

 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से जानकारी ली है और वार्ड में मौजूद स्टाफ व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

 

फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

 

इस घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी डर और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button