जांजगीर-चांपा: इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट कर 70 हजार की वसूली का प्रयास : 2 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा– पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए आपत्तिजनक पोस्ट कर पैसे की मांग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना कोतवाली जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को आरोपियों ने दोस्ती के नाम पर प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद दिसंबर 2025 से उसके अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम के अलग-अलग आईडी से प्रार्थी और उसके रिश्तेदारों को भेजे जा रहे थे।
आरोपियों द्वारा 70 हजार रुपये की मांग की जा रही थी और रकम नहीं देने पर फोटो वायरल करने की लगातार धमकी दी जा रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विभिन्न इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साइबर तकनीक की मदद से संबंधित मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई गई, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान पाली नैला निवासी प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) और शिवम भवानी (19 वर्ष) के रूप में हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम ने ग्राम पाली नैला में दबिश देकर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लड़की की फोटो पोस्ट कर पैसे की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही।



