Uncategorized

नकली सोना बदलकर ठगी करने वाले दंपति गिरफ्तार, ज्वेलरी दुकान में वारदात का खुलासा

बिलासपुर ।  थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी दुकान में धोखाधड़ी करने वाले एक दंपति को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सोने के टॉप्स और अंगूठी भी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 अप्रैल 2026 की शाम की है, जब सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स में एक महिला ग्राहक पहुंची। उसने अपना नाम पूनम वर्मा बताया और अपने पास मौजूद एक जोड़ी टॉप्स व एक अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताते हुए उसे बदलकर नया सोना लेने की बात कही। दुकान के मैनेजर जलेश कुमार आहिरे को सामान संदिग्ध लगा, जिस पर उन्होंने मशीन से जांच कराई। जांच में दोनों आभूषण नकली पाए गए।

 

 

इसके बाद 11 अप्रैल को मामले की सूचना सिटी कोतवाली थाना में दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 234/26 के तहत धारा 318(4), 62, 112 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई।

 

 

 

सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने सदर बाजार क्षेत्र में तलाश की, जहां संदिग्ध महिला अपने पति और बच्चे के साथ घूमते हुए मिली।

 

 

दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने पास रखे नकली सोने के टॉप्स (वजन 4 ग्राम 230 मिलीग्राम) और अंगूठी (वजन 3 ग्राम 100 मिलीग्राम) पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने उक्त सामान जब्त कर लिया।

 

 

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय वर्मा (40 वर्ष) एवं उनकी पत्नी पूनम वर्मा (30 वर्ष), निवासी ग्राम भूलनपुर, थाना मडवाहीह, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 

 

पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि इस प्रकार के मामलों में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button