छत्तीसगढ़

भीख मांगकर लौट रही महिला को बंधक बनाकर दो युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, 4 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

सक्ती ।  जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में भीख मांगकर जीवनयापन करने वाली एक महिला के साथ बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अपराध दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता 29 जून 2026 की सुबह करीब सात बजे भीख मांगने घर से निकली थी। लगभग 11 बजे वापस लौटते समय वह आरोपी राजकुमार कंवर उर्फ कोंदा के घर के पास पहुंची। आरोप है कि राजकुमार कंवर और छतराम कंवर उर्फ टुकुलाल ने उसे जबरन पकड़कर घर के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद महिला को जबरदस्ती महुआ शराब पिलाई गई, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि मदहोशी की हालत में दोनों आरोपियों ने 29 जून की सुबह से 30 जून की शाम तक उसकी इच्छा के विरुद्ध बारी-बारी से कई बार दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत मिलते ही मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में जैजैपुर थाना पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) एवं 127(2) के तहत अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की।

थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह चन्द्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और अपराध दर्ज होने के चार घंटे के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर उपजेल सक्ती भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह चन्द्रा, सहायक उपनिरीक्षक लालाराम खूंटे सहित थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button