22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक, दो आरोपी गिरफ्तार, एकतरफा प्रेम में हमले की साजिश का शक

बालोद– छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छात्रा सोमवार को ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम और लव प्रपोजल ठुकराए जाने से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है।
CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को कथित हमलावर तथा उसके भागने के रास्ते की जानकारी मिली। इसके बाद जांच टीम ने संदिग्धों की तलाश तेज करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
मुख्य आरोपी बालोद, दूसरा कोंडागांव से पकड़ा गया
रिपोर्टों के अनुसार, मुख्य आरोपी को बालोद स्थित उसके किराए के मकान से पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को कोंडागांव में बस से पकड़ा गया। कोंडागांव पुलिस ने करण कुंजाम और उसके साथ मौजूद एक महिला को पकड़े जाने की पुष्टि की है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
दोस्त को पहले बुलाया, फिर हमले की साजिश का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर अपने बचपन के दोस्त को कुछ दिन पहले बालोद बुलाया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोस्त अपनी महिला मित्र के साथ बालोद पहुंचा था। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने छात्रा पर हमला करने के लिए दोस्त को तैयार किया और इसके बाद छात्रा के लाइब्रेरी से घर लौटने के दौरान उस पर एसिड फेंका गया।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात के बाद दूसरे आरोपी को बालोद से बाहर भेजने की योजना बनाई गई थी या नहीं। हालांकि हमले की पूरी साजिश और दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच अभी जारी है।
रायपुर रेफर छात्रा, आज हो सकता है मामले का खुलासा
हमले में छात्रा के चेहरे और शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए हैं। उसे पहले बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ एसिड की व्यवस्था, हमले की पूरी योजना और दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा मामले का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।



