अड़सरा राशन दुकान में घुसा दंतैल हाथी, खिड़की तोड़कर नमक-शक्कर को पहुंचाया नुकसान

कोरबा। कोरबा जिले के अड़सरा पंचायत में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्षेत्र में विचरण कर रहे एक दंतैल हाथी ने राशन दुकान की खिड़की तोड़कर दुकान में रखे नमक और शक्कर को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हाथी सुबह तड़के अड़सरा क्षेत्र में पहुंचा और राशन दुकान की खिड़की को तोड़ दिया। इसके बाद हाथी दुकान के द्वारा वहां रखे खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचाया। घटना में नमक और शक्कर की बोरियां प्रभावित हुई हैं।

चावल तक पहुंच जाता हाथी तो बढ़ सकता था नुकसान
राशन दुकान में बड़ी मात्रा में चावल भी रखा हुआ था। गनीमत रही कि हाथी चावल तक नहीं पहुंच पाया, वरना राशन का नुकसान काफी ज्यादा हो सकता था। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी के राशन दुकान तक पहुंचने की घटना ने क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से निगरानी की मांग
सुबह के समय हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी कभी भी आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच सकता है, ऐसे में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है।




