छत्तीसगढ़

स्कूटी सवारों ने विवाद के बाद युवक को घोंपा चाकू, इलाज के दौरान हुई मौत…

दुर्ग ।  छत्तीसगढ़ के भिलाई से हत्या की एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शनिवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में गम्भीर रूप से घायल युवक की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक का है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रुप में हुई है। 

शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात में वह चौक पर ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने का प्रयास कर रहा था। ट्रक के नहीं रुकने पर उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। बहस के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने शिव के बाएं पैर में जांघ में चाकू मार दिया। चाकू लगने से शिव कुमार घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी सवार अंडरब्रिज की ओर से टाउनशिप की तरफ फरार हो गए।

घायल शिव को पुलिस तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दो स्कूटी पर सवार होकर फरार हुए थे। घायल के साथ मौजूद युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button