छत्तीसगढ़

गणेश विसर्जन के दौरान विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार; पूर्व सरपंच भी शामिल

जांजगीर-चांपा । जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम गतवा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के दौरान 74 वर्षीय बुजुर्ग जोत राम कश्यप की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। मामले में पंतोरा चौकी और बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौच के बाद मारपीट हो गई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी, जिसके बाद रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद रोहित, राहुल और जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे।

इसी दौरान ग्राम के हाईस्कूल के पास शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप रास्ते में मिले। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपियों ने रोहित, राहुल और जोत राम के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने हाथ-मुक्के और पैर से मारपीट की। सविता कश्यप पर राहुल कश्यप को पकड़कर मारपीट करने का आरोप है।

मारपीट के दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोट आई। घटना के बाद उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई तेज की। SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना और पूछताछ के बाद शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार कश्यप पिता महेश राम कश्यप, संजय कश्यप पिता महेश राम कश्यप, नारायण कश्यप पिता शिव कुमार कश्यप और सविता कश्यप पति शिव कुमार कश्यप शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शिव कुमार कश्यप पूर्व सरपंच रह चुका है। कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, पंतोरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. साहू सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button