छत्तीसगढ़

म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी का मामला, फरार आरोपी शुभम भारद्वाज गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा । जिले के चांपा थाना पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शुभम भारद्वाज (22), निवासी छोटेकोट, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल अलग-अलग राज्यों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। समन्वय पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर चांपा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों में हुए वित्तीय लेनदेन की गहन जांच के दौरान साइबर ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन का पता चला।

जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए म्यूल खातों में करीब 18 लाख 17 हजार 216 रुपये की ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाकर फरार आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते को कहा जाता है, जिसे कोई व्यक्ति कमीशन या आर्थिक लालच के बदले साइबर अपराधियों को इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराता है। साइबर ठग इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते हैं, जिससे रकम के वास्तविक स्रोत और अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराना भी गंभीर अपराध में सहभागिता माना जा सकता है।

चांपा पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस द्वारा साइबर अपराध से जुड़े बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की लगातार जांच की जा रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button