छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में 27 अक्टूबर को सभी स्कूल बंद, चक्रवात के खतरे को देखते हुए आदेश जारी

दंतेवाड़ा– छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 27 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह छुट्टी जिले के शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों पर लागू होगी। हालांकि, यह अवकाश शिक्षकों के लिए लागू नहीं होगा।

27 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए छुट्टी

जारी आदेश के अनुसार, मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के चलते बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

दक्षिण बस्तर के जिलों में विशेष सतर्कता

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ में पड़ने की आशंका के मद्देनजर राज्य शासन ने प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रहने और 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है।

विशेष रूप से बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में अत्यधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए प्रशासन को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है।

राहत शिविरों और स्वास्थ्य सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश

अधिकारियों को राहत शिविर 24 घंटे संचालित रखने और वहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं निर्बाध बनाए रखने के साथ गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।

किसानों और बच्चों की सुरक्षा पर भी जोर

प्रशासन को किसानों के लिए फसलों से संबंधित विस्तृत सलाह जारी करने और चक्रवात से फसलों तथा पशुधन को होने वाले नुकसान को कम करने के उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया है।

प्रशासन अलर्ट, मौसम की स्थिति पर नजर

राज्य शासन ने अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और आपदा से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य संभावित चक्रवाती प्रभाव के दौरान जनहानि को रोकना और प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सेवाएं उपलब्ध बनाए रखना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button