छत्तीसगढ़

कवर्धा में सराफा व्यापारी से लूट, 15 किलो से अधिक चांदी ले गए 6 बदमाश

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। दलदली के साप्ताहिक बाजार से बाइक पर घर लौट रहे व्यापारी को तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में दो बाइक पर सवार छह अज्ञात बदमाशों ने रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी पर डंडे से हमला कर चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली। घटना तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र की है।

घाटी में बाइक रोककर व्यापारी से लूटपाट

जानकारी के अनुसार, पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेद प्रकाश सोनी दलदली में साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में छह बदमाशों ने उन्हें रोककर बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर व्यापारी पर डंडे से हमला किया गया और बदमाश जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

50 लाख की लूट के दावे पर पुलिस ने बताई अलग रकम

शुरुआती जानकारी में व्यापारी से करीब 50 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी। हालांकि, एसडीओपी अखिलेश कौशिक के अनुसार, प्रार्थी ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 15 किलो से अधिक चांदी लूटे जाने की शिकायत की है। लूटे गए सामान की कुल कीमत और नकदी की सटीक राशि की पुष्टि जांच के बाद होगी।

FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और उनके भागने के संभावित रास्तों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button