छत्तीसगढ़

22 कैरेट बताकर थमा दिया 18 कैरेट का लॉकेट,जुर्म दर्ज

कोरबा। सोने के लॉकेट की खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। 22 कैरेट सोने का लॉकेट बताकर एक सैलून संचालक को 45 हजार रुपये में बेच दिया। बाद में जब खरीदार लॉकेट लेकर ज्वेलर्स के पास पहुंचा और उसकी जांच कराई तो सोना करीब 18 कैरेट का निकला। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

मामला ग्राम कोरबी (धतुरा) निवासी संजय श्रीवास का है। संजय के मुताबिक, 28 अक्टूबर को उनके ही गांव का रहने वाला इंद्रेश कुमार साहू उनके पास पहुंचा और पैसों की जरूरत बताते हुए करीब 3.75 ग्राम वजन का पुराना सोने का लॉकेट बेचने की बात कही। उसने लॉकेट को 22 कैरेट का सोना बताते हुए इसकी बाजार कीमत 49 से 50 हजार रुपये बताई और 45 हजार रुपये में देने का प्रस्ताव रखा।


परिचित होने के कारण संजय ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। दोनों के बीच घंटाघर के पास सौदा तय हुआ। संजय के अनुसार, 28 अक्टूबर को शाम करीब 4:30 बजे इंद्रेश एक सफेद कार से वहां पहुंचा था। कार में कुछ अन्य लोग भी बैठे थे। इंद्रेश अकेले उसके पास आया और लॉकेट दिखाया। इसके बाद संजय ने अपने घर से लाए 45 हजार रुपये नकद देकर लॉकेट खरीद लिया।


ज्वेलर्स में जांच के बाद खुला मामला


लॉकेट खरीदने के बाद संजय उसे बेचकर कुछ लाभ कमाने की सोचकर दिव्य ज्वेलर्स पहुंचा। वहां संचालक को लॉकेट 22 कैरेट का बताते हुए बेचने की इच्छा जताई। लेकिन जांच के दौरान ज्वेलर्स संचालक ने उसे करीब 18 कैरेट का सोना बताया। इसके बाद संजय को कथित तौर पर पता चला कि उसे 22 कैरेट बताकर कम शुद्धता का सोना बेचा गया है।
पीड़ित का आरोप है कि इंद्रेश कुमार साहू ने सोने की वास्तविक शुद्धता छिपाकर गलत जानकारी दी और उसके विश्वास का फायदा उठाते हुए 45 हजार रुपये ले लिए। संजय ने आशंका जताई है कि इस तरह अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की जा सकती है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button