मुर्गा जल्दी देने की बात पर भड़का दुकानदार, 19 साल के युवक के पैर पर धारदार हथियार से किया वार…आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़– छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मुर्गा दुकान पर मामूली बात को लेकर विवाद हिंसक हो गया। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम कठरापाली में मुर्गा जल्दी देने की बात कहने पर दुकानदार के कर्मचारी ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान मुर्गा काटने वाले लोहे के हथियार से युवक के बाएं पैर के तलवे पर वार कर उसे घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने 62 वर्षीय आरोपी अर्जुन सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मुर्गा जल्दी देने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, ग्राम कठरापाली निवासी 19 वर्षीय मुकेश रात्रे, पिता बिहारी लाल रात्रे, 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे अपने दोस्त मुकेश पैकरा के साथ कृष्णा सोनी की मुर्गा दुकान पर मुर्गा खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान मुर्गा जल्दी देने की बात कहने पर दुकान में मुर्गा काटने का काम करने वाले अर्जुन सोनी नाराज हो गए।
आरोप है कि उन्होंने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
जमीन पर गिरने के बाद पैर पर किया वार
मारपीट के दौरान मुकेश रात्रे जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने मुर्गा काटने वाले लोहे के हथियार से उसके बाएं पैर के तलवे पर वार कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया। पीड़ित ने अगले दिन तमनार थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलने के बाद तमनार पुलिस ने घायल युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने ग्राम कठरापाली निवासी 62 वर्षीय अर्जुन सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 118(1) के तहत अपराध दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
मामले में कार्रवाई करते हुए तमनार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है



