छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 60 लाख का गांजा जब्त, चावल की बोरियों के बीच छिपाकर हो रही थी तस्करी, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार


महासमुंद– छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर चावल की बोरियों के बीच छिपाकर गांजा ला रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास एक कंटेनर वाहन से 120.960 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने कंटेनर सहित गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 2 नवंबर को सरायपाली पुलिस को सूचना मिली कि कंटेनर क्रमांक WB 19 L 3059 में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार शुरू कर दिया।

चावल की बोरियों के बीच छिपाए थे गांजे के पैकेट

कुछ देर बाद संदिग्ध कंटेनर बैरियर के पास पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार दोनों युवकों ने बताया कि कंटेनर में चावल की बोरियां रखी हुई हैं। संदेह होने पर गवाहों की मौजूदगी में वाहन की जांच की गई। तलाशी के दौरान चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखी चार बोरियां मिलीं। इनके अंदर गांजे के 117 पैकेट रखे हुए थे। वजन करने पर कुल 120.960 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप (27), निवासी लोहन्दा, सुजानगंज, जिला जौनपुर और लल्लू यादव (24), निवासी हटिया रामनाथ, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। दोनों से तस्करी के संबंध में पूछताछ की गई है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर वाहन को भी जब्त कर लिया है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों और गांजे की सप्लाई के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button