बलौदाबाजार में 2 हादसों में 5 की मौत:बालकनी की ग्रिल में करंट से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर

बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में दो परिवारों के 5 लोगों की मौत हो गई। शहर के नेहरू चौक में बालकनी की ग्रिल में करंट फैलने से पिता-पुत्र की जान चली गई और पत्नी गंभीर हैं। वहीं, रवान मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता, बेटी और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। पत्नी बुरी तरह झुलस गई। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। नेहरू चौक स्थित घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया था। सुबह नींद से जागने के बाद कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (45) बालकनी में पहुंचे। ग्रिल को छूते ही वे करंट की चपेट में आ गए। वे ग्रिल से चिपक गए। पिता को बचाने के लिए उनका बेटा ओम गुप्ता भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों को बचाने पहुंचीं राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) को भी बिजली का झटका लगा। वह दूर जा गिरीं।
आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। वहां उनका इलाज जारी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी का हाइटेंशन तार गुजरता है। आशंका है कि इसी तार से निकली चिंगारी लोहे की ग्रिल तक पहुंची। इससे उसमें करंट फैल गया। हालांकि, शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बेकाबू ट्रक ने बाइक को रौंदा, पिता और बेटी-बेटे की मौत
जिले में शुक्रवार दोपहर रवान की मुख्य सड़क पर मंसा चौक के पास एक बेकाबू ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पिता, उनकी 16 वर्षीय बेटी, और 12 वर्षीय बेटे समेत तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम और हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त किया गया। आरोपी ड्राइवर को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, खैरताल निवासी 39 वर्षीय रामचंद्र ध्रुव अपनी 16 साल की बेटी निहारिका और 12 साल के बेटे टोमेश के साथ बाइक पर सवार थे।
अनियंत्रित ट्रक की सीधी टक्कर से तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पिता अपने दोनों बच्चों को लेकर किसी जरूरी काम से बलौदाबाजार शहर आए थे। पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालने के बाद वे वापस अपने गांव खैरताल लौट रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लिया गया है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



