AI से बात करता, उसे कस्टमर समझकर भतीजे को मार-डाला:3 साल से ऑर्गन बेचने के तरीके खोज रहा था; किडनी-फेफड़े और आंखें निकालीं

जशपुर- छत्तीसगढ़ के जशपुर में 5 साल के मासूम जितेंद्र राम के मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है। बच्चे की हत्या उसके चाचा बासुदेव उर्फ टंगनू (27) ने की थी। आरोपी मजदूरी से मिलने वाले पैसों से खुश नहीं था। वह जल्दी अमीर बनना चाहता था। इसके लिए वह पिछले 3 साल से गूगल, यूट्यूब और AI पर पैसे कमाने के तरीके खोज रहा था।
इसी दौरान उसे पता चला कि बच्चों की किडनी, आंखें और फेफड़े करोड़ों रुपए में बिकते हैं। इस जानकारी के आधार पर उसने अपने 4 साल के भतीजे की हत्या कर दी। उसका इरादा बच्चे के शरीर से अंग निकालकर बेचने का था। आरोपी अक्सर अपने सवालों के जवाब AI से लेता था। धीरे-धीरे उसे लगने लगा कि AI ही उसका कस्टमर है। उसे उम्मीद थी कि बच्चे की हत्या कर अंग निकालने के बाद AI उससे उन्हें खरीदने आएगा। वारदात वाले दिन आरोपी ने पहले बच्चे को बहलाया और अपने साथ ले गया। वहां उसे शराब पिलाई। बच्चा जब सो गया, तब उसने चाकू से उसका गला काट दिया। इसके बाद आरोपी ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर एक्सपर्ट की तरह बच्चे के शरीर पर चाकू से चीरा लगाया। फिर उसने बच्चे की किडनी, फेफड़े और दोनों आंखें निकाल लीं। फिर शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में बने पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
5 नवंबर सुबह 9 बजे पहुंचा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर सुबह करीब 9 बजे बासुदेव बच्चे के पिता रामजीत राम के पास पहुंचा था। वहां उसने रामजीत और एक व्यक्ति के साथ शराब पी। इसके बाद वह बाहर खेल रहे जितेंद्र को बहलाकर अपने साथ ले गया। बासुदेव का रामजीत के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में उसका भाई लगता था। रामजीत करीब एक साल पहले पत्नी और बच्चे के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। परिवार आमटचुआ नदी डैम के पास झोपड़ी बनाकर रहता था।
बच्चे को डैम और जंगल की ओर घुमाया
आरोपी बच्चे को लेकर महानदी डैम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर गया। इसके बाद सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर शराब और मुर्गा खरीदा। वह बच्चे को लेकर खेत में बनी झोपड़ी में लौटा और मुर्गा बनाया। उसने बच्चे को खाना खिलाया और शराब भी पिलाई।
सोने के बाद चाकू से काटा गला
पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के बाद बच्चा सो गया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू से उसका गला काट दिया। इसके बाद बच्चे के सीने और पेट पर चीरा लगाकर किडनी, फेफड़े और दोनों आंखें निकाल लीं। उसने सभी अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया।
बोरी में भरकर गड्ढे में दबाया शव
हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटा। फिर बोरी में भरकर बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डाल दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी। चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी बाल्टी को भी उसने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
7 नवंबर को पिता ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
बच्चा घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। 7 नवंबर को रामजीत राम ने सन्ना थाने में बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी दिन सुबह तलाश के दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। परिजनों ने बोरी खोली तो उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
3 साल से खोज रहा था जल्दी अमीर बनने का तरीका
पुलिस के मुताबिक, बासुदेव मजदूरी करता था, लेकिन इससे मिलने वाले पैसों से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए पिछले तीन साल से मोबाइल पर गूगल, यूट्यूब और AI की मदद से जल्दी अमीर बनने के तरीके खोज रहा था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।
चौथी तक पढ़ा है आरोपी
बासुदेव उर्फ टंगनू पहाड़ी कोरवा समुदाय से है। वह चौथी तक पढ़ा है। करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था। यहां एक व्यक्ति के खेत में सब्जियां उगाने का काम करता था और वहीं बनी झोपड़ी में रहता था।
पुलिस ने सामान जब्त किया, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने बासुदेव की निशानदेही पर बच्चे का शव, किडनी, फेफड़े और आंखें रखी बाल्टी, चाकू, फावड़ा और मोबाइल जब्त किया है। आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।



