छत्तीसगढ़

दीपावली की रात महानदी में समाई कार, पत्रकार दंपती और दो बच्चों की मौत; गांव से महज 3 KM पहले हुआ हादसा

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार पत्रकार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 21 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय बेटा शामिल हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से फिंगेश्वर क्षेत्र के पसौद गांव में मातम पसरा हुआ है।

रायपुर में दीपावली मनाकर गांव लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, परिवार दीपावली का त्योहार मनाने रायपुर गया हुआ था। त्योहार मनाने के बाद सभी कार से अपने गांव पसौद लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार बेकाबू होकर सीधे महानदी में जा गिरी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

गांव पहुंचने से महज 3 किलोमीटर पहले हादसा

इस घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि हादसे वाली जगह से परिवार का गांव पसौद महज 3 किलोमीटर दूर था। सामान्य परिस्थितियों में घर पहुंचने में करीब 10 मिनट का समय लगता। लेकिन मंजिल के इतने करीब पहुंचकर भी परिवार घर नहीं लौट सका। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

रात 11 बजे से 2 बजे के बीच हुई दुर्घटना

बताया जा रहा है कि दुर्घटना रात करीब 11 बजे से देर रात 2 बजे के बीच हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का मामला

यह पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। दीपावली की खुशियां मनाकर घर लौट रहे पत्रकार दंपती और उनके दोनों बच्चों की असमय मौत से पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button