छत्तीसगढ़

सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज बताकर युवती से 1.88 लाख की ठगी, पुरानी दोस्त पर FIR

रायपुर– राजधानी रायपुर में खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर एक युवती से 1.88 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी स्कूल की दोस्त ने पीड़िता के भाई के पारिवारिक विवाद में पुलिस से मामला खत्म कराने और कानूनी राहत दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली। काम नहीं होने पर पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत भी की गई है। खमतराई पुलिस ने आरोपित पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

स्कूल की दोस्ती का उठाया फायदा

शिकायतकर्ता आरजू शर्मा (24) निजी शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूजा सिंह से उनकी पहचान स्कूल के समय से थी। दोनों डैजल पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ती थीं और बाद में इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में थीं। आरोप है कि अप्रैल 2025 में पूजा ने सोशल मीडिया पर काले कोट में तस्वीरें साझा कर खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता बताया। इसके बाद उसने राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयनित होने और प्रशिक्षण लेने का दावा भी किया।

आरजू के भाई की शादी के बाद पारिवारिक विवाद हुआ था। उनकी भाभी की ओर से परिवार के खिलाफ शिकायत किए जाने पर आरजू ने पूजा से मदद मांगी। इस पर पूजा ने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से संपर्क होने का दावा करते हुए मामला सुलझाने का भरोसा दिया। सितंबर में रायपुर आने के नाम पर उसने पांच हजार रुपये लिए। बाद में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से मुलाकात कराकर उनके माध्यम से केस संभालने की बात कही।

पुलिस अधिकारी के नाम पर मांगी रकम

शिकायत के अनुसार, 16 सितंबर को पूजा ने मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष को दो लाख रुपये देने की बात कही। इसके अलावा अधिवक्ता और अपनी फीस के नाम पर भी रकम मांगी गई। आरजू ने अधिवक्ता के यूपीआई खाते में 15 हजार रुपये और पूजा के खाते में पांच हजार रुपये भेजे। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये नकद दिए।

आरोप है कि उसी रात मोहला-मानपुर चौकी पहुंचने पर प्राची शर्मा का कॉल रिकॉर्ड निकलवाने के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए 18 हजार रुपये और ट्रांसफर कराए गए। इस तरह पीड़िता से कुल 1.88 लाख रुपये लेने का आरोप है।

पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप

कुछ समय बाद आरजू को पूजा के वकील और सिविल जज होने के दावों पर संदेह होने लगा। शिकायत में बताया गया है कि अधिवक्ता अमानत उल्ला खान ने कथित तौर पर केस नहीं करने की बात कही। इसके बाद आरजू ने पूजा से अपनी रकम वापस मांगी।

आरोप है कि पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कराने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांग लिए। जब पीड़िता ने रकम लौटाने के लिए दबाव बनाया तो 3 अक्टूबर को उसके साथ गाली-गलौज की गई और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर झूठी शिकायत में फंसाने की धमकी दी गई।

खमतराई पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता की शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही कथित ठगी और आरोपित के पेशेवर दावों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button