धरमजयगढ़ में कल मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, CM विष्णु देव साय और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन होंगे शामिल

रायपुर– भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन शामिल होंगे। इस दौरान जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करने के साथ प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां भी साझा की जाएंगी।
बिरसा मुंडा के साथ छत्तीसगढ़ के जननायकों को भी किया जाएगा याद
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया था। उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लिया था।
धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वीर जननायकों शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी स्मरण किया जाएगा।
19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाओं को महतारी वंदन का लाभ
कार्यक्रम के लिए जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में महतारी वंदन योजना के माध्यम से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
धरती आबा अभियान के अंतर्गत 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान यानी पीएम-जनमन के तहत 1,544 गांवों के 56,569 परिवार लाभान्वित हुए हैं।
34 हजार से अधिक विद्यार्थी आवासीय विद्यालयों में पढ़ रहे
छत्तीसगढ़ के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पिछले दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। नई दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता भी 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के जरिए जनजातीय महिलाओं और बेटियों को लाभ पहुंचाया गया है। पशुधन विकास योजनाओं के माध्यम से हजारों जनजातीय पशुपालकों को भी सहायता मिली है।
वन अधिकारों के तहत लाखों परिवारों को मिला हक
प्रदेश में अब तक 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र भी दिए गए हैं।
50 करोड़ की लागत से विकसित हुआ स्मारक और डिजिटल संग्रहालय
जनजातीय विरासत के संरक्षण और जननायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और डिजिटल संग्रहालय विकसित किया गया है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर इन उपलब्धियों और योजनाओं के जरिए प्रदेश में जनजातीय समाज के लिए किए गए कार्यों को सामने रखा जाएगा।