नेशनल

शोरूम में युवती की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

नई   दिल्ली दिल्ली के मोतीनगर इलाके में कपड़े के शोरूम के ट्रायल रूम में युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देश छोड़कर भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस की मदद से उसे दबोच लिया।

विदेश भागने की तैयारी में था आरोपी

जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद से ही आरोपी सूरज फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी टैक्सी चालक है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

ट्रायल रूम में खून से लथपथ मिला था शबनम का शव

मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। वह मोतीनगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक कपड़े के शोरूम में काम करती थी और पश्चिमी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहती थी। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे शोरूम के कर्मचारी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ट्रायल रूम की जांच करने पर शबनम का शव खून से लथपथ हालत में मिला।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

निजी रिश्तों में तनाव को लेकर जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में निजी रिश्तों में तनाव और एकतरफा प्यार को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। बताया गया है कि सूरज और शबनम एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों के बीच पहले अच्छे संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से रिश्तों में खटास आ गई थी। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवार ने पहले भी शिकायत करने का किया था दावा

शबनम के परिजनों का आरोप है कि सूरज और उनकी बेटी के बीच पहले भी विवाद हुआ था। इस संबंध में मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि पहले उचित कदम उठाए गए होते तो शायद इस वारदात को रोका जा सकता था। पुलिस अब पहले की शिकायत और उससे जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button