नवजात बच्ची की खरीद-बिक्री के मामले में एक और गिरफ्तारी, जितेन्द्र खेतान पकड़ा गया

रायपुर– छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी जितेन्द्र खेतान (36) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार कृतिका साहू और अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ की गई। इसमें जानकारी मिली कि कृतिका ने एक नवजात बच्ची जितेन्द्र खेतान को बेची थी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र को गिरफ्तार किया।
बच्ची के वैध दस्तावेज नहीं कर सका पेश
पुलिस के अनुसार, आरोपी से नवजात बच्ची से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर विधिवत दस्तयाब किया गया। फिलहाल बच्ची की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया में रखा गया है।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री की भी जांच
पूछताछ में जितेन्द्र खेतान के अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल होने से जुड़े तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस गतिविधि को गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है। अब पुलिस अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री और इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



